पाकुड़
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां अपने ही दामाद ने चाकू से हमला कर अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 21 वर्षीय गुलचेहरा बीवी और उनकी 45 वर्षीय मां मेंजा बेवा के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान एब्रास अंसारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि आरोपी घर जमाई बनकर रहता था और इस हत्या के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है।
देर रात विवाद के बाद पत्नी और सास पर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात खाना खाने के बाद एब्रास अंसारी अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ कमरे में सोने चला गया था। देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर एब्रास ने चाकू से पत्नी के गले पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख सुनकर जब उसकी मां मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में छोटे बच्चे भी मौजूद थे। मासूम बच्चों ने अपनी आंखों के सामने इस खौफनाक वारदात को देखा। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मुंबई की बिस्कुट फैक्ट्री में करता था काम
बताया जा रहा है कि गुलचेहरा बीवी की शादी करीब आठ साल पहले एब्रास अंसारी से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक ढाई से तीन महीने का बेटा शामिल है। एब्रास मुंबई की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था और बुधवार शाम ही घर लौटा था। ग्रामीणों के अनुसार, घर लौटने के कुछ ही घंटों बाद उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। हत्या के बाद आरोपी अपनी पत्नी का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हत्या के मामले में पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एब्रास अंसारी पहले भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। घटना के बाद झेनागड़िया गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।.jpeg)
जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि यह गंभीर हत्या का मामला है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।