पाकुड़
पाकुड़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने परेड का निरीक्षण किया तथा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही।
स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को किया नमन
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने स्वतंत्रता संग्राम के सभी सेनानियों, देश के महापुरुषों, वीर शहीदों तथा राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी महान व्यक्तित्वों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदानों को स्मरण करने और राष्ट्र की प्रगति में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समस्त जिलावासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।