logo

पाकुड़ में पति ने पत्नी और 12 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव PM आवास में  दफनाया

जससस1.jpg

पाकुड़
पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड अंतर्गत इच्छानगर गारामारा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर शव को दफना दिया। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह गांव में महिला और बच्ची के अचानक लापता होने की चर्चा शुरू हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना रद्दीपुर ओपी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी संजय सिन्हा और रद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला और बच्ची की खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। संदेह के आधार पर पति नरेश टुडू को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने गांव के एक निर्माणाधीन मकान में गड्ढा खोदकर दोनों शवों को दफना दिया है।


पत्नी और बेटी की हत्या कर प्रधानमंत्री आवास में दफनाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, नरेश टुडू और उसकी पत्नी शर्मीला किस्कू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी पत्नी शर्मीला किस्कू और 12 वर्षीय बेटी नेहा टुडू की कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद उसने पास में जूनाश टुडू की जमीन पर बन रहे प्रधानमंत्री आवास में गड्ढा खोदकर दोनों शवों को दफना दिया, ताकि घटना का पता न चल सके। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और स्थानीय लोग निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी संजय सिन्हा की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से महिला और बच्ची का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


आरोपी पति हिरासत में, पुलिस कर रही जांच

इस मामले को लेकर ओपी प्रभारी अजय उपाध्याय ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी पति नरेश टुडू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

 

Tags - Pakur Jharkhand Crime News Murder Case Maheshpur Family Dispute