द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के जामजोड़ी पंचायत स्थित शामपुर गांव में पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति हथिया हेम्ब्रम को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। 28 जुलाई को हुई इस घटना में मृतका की पहचान माइनो मरांडी के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हथिया हेम्ब्रम को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

जादू-टोना के शक में होता था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, हथिया हेम्ब्रम और माइनो मरांडी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता था। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी पर जादू-टोना करने का शक था, जिसके कारण दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। दंपति के तीन पुत्र हैं, जिनमें दो विवाहित और एक अविवाहित है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके विवाद कई बार थाने तक भी पहुंचे थे, लेकिन हर बार पंचायत के माध्यम से समझौता करा दिया गया था।
.jpeg)
बेटों ने देखा मां का खून से लथपथ शव
घटना की सुबह जब काफी देर तक पति-पत्नी की कोई आवाज नहीं आई, तो उनके पुत्र घर पहुंचे। घर के अंदर जाने पर उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ और बेसुध हालत में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया और ग्रामीणों ने लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और त्वरित जांच के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।