logo

पाकुड़ में आधी रात को लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से 4 परिवारों का घर जलकर राख; लाखों का नुकसान

pakur_image.jpg

पाकुड़
पाकुड़ सदर प्रखंड अंतर्गत पृथ्वीनगर गांव में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक गरीब परिवार का पूरा घर जलकर राख हो गया। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। 
चार परिवारों का गृहस्थी का सामान खाक
परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन घर में रखा कोई भी सामान नहीं बचाया जा सका। पीड़ित परिवार के अनुसार घर में चार परिवार रहते थे। सभी के कमरे में रखा अलमारी, गहने, नकदी, फर्नीचर, खाट, गोदरेज, किताबें, बर्तन, पंखा समेत रोजमर्रा का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रत्येक परिवार को करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पृथ्वीनगर निवासी अनारुल हक और उनके पुत्र मकसद आलम, महमूद शेख सहित परिवार के अन्य सदस्य इसी मकान में रहते थे। आग की घटना के बाद परिवार के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। 
सबकुछ जलकर हुआ राख
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, दमकल की टीम के पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी, जिससे घर और उसमें रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और मजदूरी कर किसी तरह अपना जीवन यापन करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार दोबारा अपनी जिंदगी पटरी पर ला सके।

Tags - Pakur Jharkhand News Fire Accident Short Circuit Breaking News