पाकुड़
पाकुड़ जिले को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब तक का सबसे सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और सेवन के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ा गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस काले कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी या माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले की जानकारी देते हुए पाकुड़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि शहर और ग्रामीण इलाकों में पैर पसार रहे नशीले पदार्थों पर शिकंजा कसा जा रहा है। विशेष रूप से ब्राउन शुगर, गांझा, डेंड्राइट और अन्य जहरीले मादक द्रव्यों की अवैध बिक्री और उनके सेवन को रोकने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। SDPO ने दोटूुक लहजे में कहा नशे के सौदागरों के खिलाफ हम 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रहे हैं। चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, इस कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई तय है।

जनता बने पुलिस की आंख और कान: एसडीपीओ
एसडीपीओ कुमार गौरव ने पाकुड़ की जनता से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस अकेले हर गली-मोहल्ले तक नहीं पहुंच सकती, इसके लिए आम नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है।अगर आपको शहर या जिले के किसी भी हिस्से में नशे का कारोबार, जमावड़ा या संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो आप तुरंत SDPO के मोबाइल नंबर 7991154239 पर कॉल या व्हाट्सएप संदेश भेजकर जानकारी दे सकते हैं। एसडीपीओ ने आम जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि नागरिक स्थानीय थाने में भी इसकी सूचना दे सकते हैं। यदि किसी कारणवश स्थानीय थाना स्तर पर त्वरित संज्ञान या कार्रवाई नहीं होती है, तो नागरिक बिना किसी संकोच के सीधे उनके नंबर पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
