logo

पाकुड़ : DC मेघा भारद्वाज ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, SIR-2026 की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश

WhatsApp_Image_2026-07-28_at_2_20_57_PM.jpeg

पाकुड़
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय सहयोग की अपील की। 
100 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि जिले में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। वहीं, 27 जुलाई 2026 तक 98 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि शेष दो प्रतिशत कार्य को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं बीएलओ पूरी सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।
छूटे हुए पात्र मतदाताओं को तत्काल जोड़े जाने की अपील
बैठक के दौरान उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि यदि उनके संज्ञान में कोई पात्र मतदाता अब भी गणना प्रपत्र भरने या उसके डिजिटाइजेशन से वंचित है, तो उसे तत्काल चिन्हित कर उसका प्रपत्र भरवाया जाए और उसी दिन उसका डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और समावेशी बनाने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
SIR के बाद भी जुड़ सकेगा नया नाम
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भी किसी पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अधिकार समाप्त नहीं होगा। भारत निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के तहत पात्र नागरिक भविष्य में भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पारदर्शी और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया पर जोर
मेघा भारद्वाज ने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सहभागी बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags - SIR 2026 Voter List Election Commission Jharkhand News Megha Bhardwaj