द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला मंगलवार सुबह का है, जहां शहर के बैंक कॉलोनी स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास किया गया। आरोप है कि एक महिला और उसके साथ मौजूद करीब 15 वर्षीय किशोरी घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर घुस गईं और बेडरूम में रखे बैग से 7000 निकाल लिए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर की छत पर मौजूद थे। घर की मालकिन कंचन कुमारी ने बताया कि वह कपड़े फैलाने के लिए छत पर गई थीं। नीचे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। जब वह बेडरूम में पहुंचीं तो बैग में रखा पर्स गायब मिला, जिसमें 7000 नकद थे। शक होने पर वह घर के बाहर निकलीं, जहां दो महिलाएं दूसरे घर के पास भीख मांगती दिखीं।

तलाशी में मिला पर्स और नकदी
कंचन कुमारी ने पूछताछ के दौरान महिलाओं की तलाशी ली, जिसमें उनका पर्स और नकदी बरामद हो गई। बताया जा रहा है कि महिला की गोद में एक बच्चा भी था, जबकि उसके साथ मौजूद किशोरी को उसने अपनी भांजी बताया। पूछताछ में महिला ने खुद को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाचकी गांव की निवासी बताया। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिलाओं ने चोरी में संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाना ले गई। एएसआई चुंडा हांसदा ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रही हैं या नहीं।