logo

पाकुड़ में अधिवक्ता के घर सेंधमारी, मुगल काल का सिक्का उड़ा ले गए चोर; लाखों का नुकसान

WhatsApp_Image_2026-06-26_at_5_37_19_PM.jpeg

पाकुड़
पुलिस की तमाम चौकसी के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। नगर थाना क्षेत्र के धनुषपूजा बस स्टैंड के पीछे दिन-दहाड़े चोरों ने पाकुड़ कोर्ट के अधिवक्ता मोहम्मद कमरूज जमां के बंद घर को निशाना बनाया। चोरों ने ग्रिल का ताला तोड़कर हजारों की नकदी, मुगल जमाने का ऐतिहासिक चांदी का सिक्का और जरूरी दस्तावेज जैसे एटीएम, पैन और आधार कार्ड उड़ा लिए। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
सूने घर का ताला तोड़कर हाथ साफ
जानकारी के मुताबिक, आज नगर थाना क्षेत्र के धनुषपूजा बस स्टैंड के पीछे पाकुड़ कोर्ट के अधिवक्ता मोहम्मद कमरूज जमां के घर में दिन-दहाड़े ग्रिल का ताला तोड़कर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। अधिवक्ता मोहम्मद कमरूज जमां ने बताया कि उनका परिवार बीमार पिता को देखने के लिए सुबह ही ट्रेन से मायके चला गया था। अधिवक्ता घर पर ही थे। सुबह लगभग 8:10 बजे वह अपने निजी काम के लिए घर में ताला लगाकर बाहर निकले थे। इसके बाद जब दोपहर लगभग 11:45 बजे वह वापस आए, तो घर का मुख्य गेट अंदर से बंद मिला।
पड़ोसियों ने दीवार फांदकर खोला दरवाजा
अधिवक्ता ने इसकी जानकारी आस-पास के लोगों को दी। पड़ोसियों ने आकर दीवार फांदकर अंदर का दरवाजा खोला। घर में प्रवेश करने पर मुख्य ग्रिल वाले गेट का ताला टूटा हुआ पाया गया। अंदर कमरे में रखे छोटे और बड़े बक्से के ताले भी टूटे हुए थे।
बक्से में रखे उनके बेटे के लगभग 10,000 से 15,000 रुपये और मुगल काल का एक मोटा चांदी का सिक्का गायब था। इसके साथ ही बेटे का आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और कुछ जरूरी कागजात भी गायब मिले। चोरों ने घर का सारा सामान बिखेर दिया था। पुलिस प्रशासन को सूचना दिए जाने पर नगर थाना की पुलिस अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। अधिवक्ता द्वारा नगर थाने में एक लिखित आवेदन दे दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
 

Tags - Pakur News Jharkhand Crime Burglary Crime News Jharkhand News