logo

पाकुड़ में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई जा रही बकरीद, ईदगाहों में गूंजी अमन-चैन की दुआ

वनव.jpg

पाकुड़/झारखंड
झारखंड के पाकुड़ जिले आज ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ  मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दे रहे हैं। चेंगाडांगा, सीतापहाड़ी, ईलामी, झिगरहटी, फरसा और रहसपुर समेत कई गांवों में सामूहिक नमाज का आयोजन हुआ।

अमन-चैन और खुशहाली की दुआ
चेंगाडांगा जुम्मा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल रब और वाकतिया मस्जिद के इमाम समाउल इस्लाम ने नमाज अदा कराई और देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। खुतबे के दौरान मौलाना अब्दुल रब ने कहा कि बकरीद आत्मसमर्पण, त्याग और इंसानियत की सेवा का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल एक रस्म नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों और अहंकार को खत्म करने का संकल्प है। साथ ही लोगों से गरीबों और जरूरतमंदों को भी त्योहार की खुशियों में शामिल करने की अपील की गई।

भाईचारे और सौहार्द का माहौल
नमाज के बाद मुस्लिम धर्मावलंबियों ने हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की सुन्नत निभाते हुए पशुओं की कुर्बानी दी। कुर्बानी के गोश्त को परंपरा के अनुसार गरीबों, रिश्तेदारों और अपने परिवार के बीच बांटा गया। वहीं त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। संवेदनशील इलाकों, मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी गई। पूरे जिले में भाईचारे और सौहार्द के माहौल में त्योहार मनाए जाने की सूचना है।

Tags - Pakur Bakrid celebration Eid-ul-Adha in Pakur Jharkhand Bakrid news Pakur Eidgah prayer