logo

सिमडेगा में बारिश से धान की फसल तबाह, सड़क कटी; पैदल गांव पहुंचे विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी

Screenshot_2026-08-29_172114.jpg

सिमडेगा 
ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में 10 से 15 अगस्त के बीच हुई भारी बारिश से दुमकी पंचायत के बरपानी और केरया पंचायत के राचाकोना गांव में व्यापक नुकसान हुआ है। बरपानी में अम्बापानी-कुटनियां कालीकरण सड़क का एक हिस्सा गार्डवाल सहित बारिश के पानी में बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। ग्रामीणों को फिलहाल पैदल ही आवागमन करना पड़ रहा है।
सड़क का मलबा खेतों में फैला, पांच एकड़ धान की फसल बर्बाद
सड़क और गार्डवाल का मलबा आसपास के खेतों में फैल जाने से करीब पांच एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई। प्रभावित किसान संजय समद, शांतिएल समद समेत अन्य किसानों ने बताया कि फसल नष्ट होने से उनके परिवार के सामने सालभर के अनाज की समस्या उत्पन्न हो गई है। किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
बाइक और पैदल गांव पहुंचे विधायक, ग्रामीणों से ली नुकसान की जानकारी
ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी शनिवार को प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बरपानी और राचाकोना गांव में सड़क, गार्डवाल और खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया। जहां वाहन से पहुंचना संभव नहीं था, वहां विधायक बाइक और पैदल चलकर ग्रामीणों तक पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विधायक को सड़क बहने और फसल के नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में काफी परेशानी हो रही है और इसकी जल्द मरम्मत जरूरी है।
आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे विधायक
विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि बारिश से हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा। प्रभावित किसानों को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क और गार्डवाल की जानकारी संबंधित विभाग को देकर जल्द मरम्मत कराने का प्रयास करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान ये लोग रहे मौजूद
मौके पर जिला विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, सांसद प्रतिनिधि अमीत डुंगडुंग, प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज, प्रखंड अध्यक्ष अशफाक आलम, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद कारू, असित केरकेट्टा, कय्यूम आलम, रसल डुंगडुंग, संजय समद, सुशील मिंज, वाल्टर लुगुन और अनिल समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Tags - Simdega News Naman Bixal Kongari Heavy Rain Simdega Crop Damage Jharkhand Disaster Relief