logo

ओरमांझी में हाइवा की चपेट में आने से छात्र की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

पगनो21.jpg

सिया पांडेय
रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुच्चू स्थित बरवे रेस्क्यू सेंटर के समीप एक भीषण सड़क हादसे में नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा (बीआर 02 क्यू 7536) ने सड़क किनारे खड़े छात्र को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डहु निवासी एजाज अंसारी के पुत्र दिलसाद अंसारी के रूप में हुई है। वह ओरमांझी स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय का छात्र था।


ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ा
घटना के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और लॉक चौक के पास वाहन को रोक लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान हाइवा ने सिलदीरी गांव के पास एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।


मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने छात्र के शव के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। उनका कहना है कि इस सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Ormanjhi Road Accident Ranchi Student Jharkhand