logo

ओरमांझी में राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में 5 घंटे तक डकैती, 3.35 लाख नकद लूट ले गए बदमाश

ूीोले2.jpg

द फॉलोअप डेस्क

रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र के तापे गांव स्थित एक राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में 20 से 22 हथियारबंद अपराधियों ने करीब पांच घंटे तक डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की, मालिक के अपहरण की धमकी दी और लॉकर से 3.35 लाख रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा ट्रांसफार्मर तोड़कर कॉपर वायर और गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी अपने साथ ले गए।


कर्मचारियों को बनाया बंधक, कारखाने की थी पूरी जानकारी
घटना 10 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे की है। अपराधी पिकअप वैन से पहुंचे थे और उनके चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे। सबसे पहले उन्होंने परिसर में मौजूद कर्मचारियों को कब्जे में लिया, हाथ-पैर बांधकर अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया और लॉकर की चाबी छीनकर नकदी लूट ली। पीड़ितों का कहना है कि अपराधियों को कारखाने की बनावट और लॉकर की पूरी जानकारी थी। इसी परिसर में वर्ष 2023 में भी बड़ी डकैती हो चुकी है।


कर्मी ने पूछताछ में दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
रांची निवासी आदित्य सिंह के बयान पर 12 जुलाई को ओरमांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अपराधियों की तलाश करने के बजाय पुलिस ने कर्मी विनीत सिंह से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की और उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया। हालांकि ओरमांझी के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि विनीत को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था और मामले की जांच जारी है।

Tags - Ormanjhi Ranchi Robbery Jharkhand Crime