logo

JSSC : परीक्षा एक और परिणाम दो, कीटपालक की नियुक्ति हुए छह महीना बीत गए, कुशल शिल्प के अभ्यर्थी भटक रहे

jssc24.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की कहानी, हरि अनंत, हरि कथा अनंता वाली हो गयी है। बगैर कोर्ट कचहरी गए किसी भी परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न करा लेना हो या तय समय पर निर्विवाद परीक्षाफल का प्रकाशन शायद इतिहास बनता जा रहा है। यह नयी कहानी झारखंड मैट्रिक स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की है। इस प्रतियोगी परीक्षा के लिए JSSC ने 2023 में विज्ञापन प्रकाशित किया। इस परीक्षा के माध्यम से कुशल शिल्प एवं समकक्ष एवं कीटपालक की नियुक्ति की जानी थी। 2023 में विज्ञापन निकाले जाने के बाद सितंबर 2024 में आखिरकार JSSC ने परीक्षा ले ली। 22 जुलाई 2025 को रिजल्ट का प्रकाशन भी कर दिया। 26 जुलाई 2025 से डोक्युमेंट का वेरिफिकेशन भी हुआ। दिलचस्प रूप से कीटपालक पद के अभ्यर्थियों का फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दिया गया। नवंबर 2025 में उनकी ज्वाइनिंग भी हो गयी। लेकिन एक ही परीक्षा में शामिल हुए कुशल शिल्प एव समकक्ष पद के लिए परीक्षा देनेवाले अभ्यर्थी आज भी फाइनल मेरिट लिस्ट के लिए दर दर भटक रहे हैं।


जानकारी के अनुसार इस प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी जब JSSC जाकर अंतिम मेरिट लिस्ट प्रकाशित होने के बारे में जानकारी चाहते हैं तो बताया जाता है कि उद्योग विभाग से मंतव्य की मांग की गयी है। उद्योग विभाग जाने पर इन अभ्यर्थियों को स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बताया जा रहा है। इस तरह अभ्यर्थी JSSC और उद्योग विभाग का पिछले छह महीने से चक्कर लगा रहे हैं। इस परीक्षा का एक और दिलचस्प पहलू यह है कि कुशल शिल्प के लिए कुल 187 पद थे। इनमें केवल 40 अभ्यर्थियों का ही डोक्युमेंट वेरिफिकेशन हुआ। फिर भी जिन 40 अभ्यर्थियों का डोक्युमेंट वेरिफिकेशन हो चुका है, उनका फाइनल मेरिट लिस्ट जारी नहीं किया जा रहा है।

Tags - JSSC JMLCCE- 2023 Skilled Crafts 6 months No Result