logo

बकरी चुराने के शक में 4 लड़कों को पूरी रात पीटा, 1 की मौत; छानबीन शुरू

वोकीग5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र की रूमुतकेल पंचायत के बिंदादीरी गांव में कथित बकरी चोरी के आरोप में चार युवकों के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रविवार देर रात गांव में बकरी चोरी करने पहुंचे चार युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और हॉकी स्टिक व लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद उन्हें गांव के समीप जंगल में ले जाकर अलग-अलग पेड़ों से बांध दिया गया, जहां पूरी रात उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। सोमवार सुबह पुलिस ने तीन युवकों को मुक्त कराया, लेकिन गंभीर रूप से घायल दिलदार अंसारी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। फिरोज अंसारी का इलाज जारी है, जबकि चौथा युवक गुड्डू अंसारी रात में ही किसी तरह बंधन से मुक्त होकर ऑल्टो कार लेकर फरार हो गया।


बकरियों की आवाज सुनकर जागे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे चारों युवक ऑल्टो कार से बिंदादीरी गांव पहुंचे थे। आरोप है कि वे बकरियों को कार में लाद रहे थे। इसी दौरान बकरियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों की नींद खुल गई। देखते ही देखते करीब 35 से 40 ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और चारों को घेर लिया। ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई की और बाद में रस्सी से बांधकर गांव के पास जंगल में ले गए। वहां सभी को अलग-अलग पेड़ों से बांध दिया गया। रात के दौरान गुड्डू अंसारी किसी तरह बंधन से छूट गया और घटनास्थल से ऑल्टो कार लेकर फरार हो गया।


एक की मौत के बाद केस दर्ज
सोमवार सुबह सूचना मिलने पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस ने जंगल से दिलदार अंसारी, फिरोज अंसारी और निजाम अंसारी को मुक्त कराया। गंभीर रूप से घायल दिलदार अंसारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिरोज अंसारी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि निजाम अंसारी को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं।


सभी युवक गुमला के रहने वाले
अस्पताल में भर्ती फिरोज अंसारी ने बताया कि चारों युवक गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के बगनी गांव के रहने वाले हैं। उसका आरोप है कि ग्रामीणों ने पकड़ने के बाद पूरी रात उन्हें जंगल में पेड़ों से बांधकर रखा। एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चारों के बकरी चोरी की नीयत से गांव आने की बात सामने आई है। घायल निजाम अंसारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना में शामिल ग्रामीणों की पहचान कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Khunti Crime GoatTheft Jharkhand Police