logo

रामनवमी में जय श्री राम के जयघोष से गूंजा लोहरदगा, शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

midtik.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के शहरी क्षेत्र स्थित थाना टोली अखाड़ा से केंद्रीय महावीर मंडल के नेतृत्व में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग पारंपरिक वेशभूषा में और हाथों में अस्त्र-शस्त्र लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर राममय नजर आया और ‘जय श्री राम’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोग भगवान राम की भक्ति में लीन दिखाई दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां भी शामिल हुईं, जो भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं।
शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसमें रानी पद्मावती की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही, जिसने भारत के गौरव को दर्शाया। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन सतर्क रहा। चौक-चौराहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और जुलूस के साथ भी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। केंद्रीय महावीर मंडल के अध्यक्ष बिपुल तमेड़ा ने शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए रामनवमी की शुभकामनाएं दीं और प्रशासन का भी धन्यवाद किया। वहीं, नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा में उमड़ी भीड़ सनातनियों की एकता का प्रतीक है, जहां लोग अपने पारंपरिक शस्त्रों के साथ शामिल हुए।

 

Tags - Lohardaga Ramnavami procession Ramnavami celebration Jharkhand Ramnavami Shobha Yatra Lohardaga Lord Ram festival India Ramnavami 2026 procession Central Mahavir Mandal Shobha Yatra Traditional weapons Ramnavami procession