logo

नये साल का तोहफा : 30 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में सीएम सौंपेंगे सीजीएल के सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र

jssc_cgl.jpg


द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के लगभग 2015 युवाओं को नये साल का तोहफा देंगे। ये वही अभ्यर्थी हैं जिन्होंने झारखंड साममान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (सीजीएल)-2023 उत्तीर्ण की है। मुख्यमंत्री 30 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में दिन के दो बजे सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री सचिवालय ने कैबिनेट और जिला प्रशासन को मोरहाबादी मैदान में नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। यहां मालूम हो कि सीजीएल परीक्षा को लेकर राज्य में काफी विवाद हुआ था। अंततः विवाद झारखंड हाईकोर्ट भी पहुंचा। हाईकोर्ट ने लंबी सुनवाई के बाद तीन दिसंबर 2025 को जेएसएससी को रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया था। उसके बाद आठ दिसंबर को जेएसएससी ने नेपाल गए 10 अभ्यर्थियों को छोड़ अन्य सभी सफल अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी कर दिया था।


रिजल्ट जारी होने के बाद पिछले एक सप्ताह से विभिन्न विभागों द्वारा सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की प्रक्रिया प्रारंभ और पूरी कर ली गयी। उसके बाद मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के आयोजन की तिथि भी तय कर दी गयी। मालूम हो कि सीजीएल परीक्षा में 847 एएसओ, 293 कनीय सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक पद के लिए अभ्यर्थी सफल हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट द्वारा किसी तरह का हस्तक्षेप किए जाने से पहले नियुक्ति पत्र सौंप कर सीजीएल परीक्षा को लेकर जारी विवाद का पटाक्षेप कर देना चाहती है। क्योंकि कुछ छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में सीजीएल परीक्षा को लेकर कैविएट दायर की है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने अभी कैविएट पर कोई निर्णय नहीं लिया है।

Tags - Jharkhand CGL successful candidates will receive appointment letters CM on December 30 at Morabadi Ground.