logo

झारखंड सचिवालय सेवा संघ के 600 पदाधिकारियों ने किया मौन प्रदर्शन, क्या हैं मांगें 

STRIKE.jpeg

रांची 

झारखंड सचिवालय सेवा के पदाधिकारियों ने झारखंड सचिवालय सेवा संघ के आह्वान पर प्रोजेक्ट भवन में एक मौन प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सचिवालय सेवा के लगभग 600 पदाधिकारी तख्तियों और बैनर के साथ शामिल हुए। सचिवालय सेवा संघ ने मांग की है कि झारखंड सचिवालय सेवा के संयुक्त सचिव/उप सचिव के पद सृजन किया जाए। कार्मिक विभाग की संकल्प संख्या 3286 को लागू की जाये। रिक्त पदों को शीघ्र प्रोन्नति और नियुक्ति के माध्यम से भरा जाए। इसे लेकर संघ ने सरकार के समक्ष कई बार अनुरोध किया है। लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। 

बाध्य होकर लिया गया आंदोलन का निर्णय  

प्रदर्शन में शामिल अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण बाध्य होकर संघ ने आंदोलन का रुख अख्तियार किया है। मौके पर झारखंड सचिवालय सेवा संघ के अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद और महासचिव सिद्धार्थ बेसरा ने जानकारी दी कि यदि सरकार मांगों को पूरा नहीं करती है, तो संघ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप उग्र आंदोलन जारी रखेगा।

प्रोजेक्ट भवन में रोषपूर्ण प्रदर्शन करेंगे 

महासचिव बेसार ने जानकारी दी कि आज के मौन प्रदर्शन के बाद भी अगर हमारी मांगों को सरकार पूरा नहीं करती है तो जुलाई के पहले सप्ताह में प्रोजेक्ट भवन में रोषपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, ध्रुव प्रसाद ने बताया कि हम सरकार से लंबित मांगों पर विचार करने के लिए लगातार अनुरोध करते रहे हैं। लेकिन सरकार की निष्क्रियता जारी रही तो संघ अब और उग्र आंदोलन का रास्ता अपना सकता है। 

Tags - Silent protestJharkhand NewsJharkhand Secretariat Service Associationprotest