logo

अब मिल जाएगा सिदो कान्हू और विनोबा भावे विवि को कुलपति, इंटरव्यू की तिथि तय

SIDHU1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
वर्षों से रिक्त पड़े सिदो कान्हू और विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर जल्द नियुक्ति की उम्मीद जगी है। राजभवन ने इन दोनों महत्वपूर्ण विश्वविद्यालय के कुलपति के चयन के लिए इंटरव्यू की तिथि तय कर दी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार तीन और चार मई को दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपति के लिए इंटरव्यू होगा। इंटरव्यू के लिए 23 शिक्षाविदों के नाम का चयन किया गया है। इनमें आधे से अधिक राज्य के बाहर के हैं।


यहां मालूम हो कि सिदो कान्हू विश्वविद्यालय दुमका और विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में पिछले दो साल से कुलपति का पद रिक्त है। सिदो कान्हू विश्वविद्यालय दुमका के कुलपति प्रो सोना झरिया मिंज का कार्यकाल 8 जून 2023 को समाप्त हो गया। उसके बाद इसी विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ विमल प्रसाद सिंह को सिदो कान्हू विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। तब से कुलपति का पद प्रभार में चल रहा है। इसी तरह 31 मई 2023 को डॉ मुकुल नारायण देव का कार्यकाल समाप्त होन के बाद से विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के कुलपति का पद रिक्त है। नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो दिनेश कुमार सिंह को विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार देकर काम चलाया जा रहा है।
तीन विवि के कुलपति का पद भी जल्द रिक्त होगा
इधर रांची विश्वविद्यालय, डीएसपीयू और झारखंड ओपेन यूनिवर्सिटी के कुलपति का पद भी जून और जुलाई में रिक्त होने जा रहा है। रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा और डीएसपीयू के कुलपति डॉ तपन कुमार शांडिल्य का कार्यकाल जून 2025 में समाप्त हो रहा है। वहीं ओपेन यूनिवर्सिटी के कुलपति का कार्यकाल जुलाई 2025 में समाप्त हो रहा है। हालांकि अभी तक इन पदों के लिए आवेदन आमंत्रित नहीं किया गया है।

Tags - vinoba bhabe universitysido kanhu universityvc appointmentinterview date