रांची
राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची प्रशासन ने अस्पताल में लिफ्ट संचालन व्यवस्था में लगातार सामने आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी Samanta Security & Intelligence Services Pvt. Ltd. को नोटिस जारी किया है। रिम्स अस्पताल निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि मरीजों एवं उनके परिजनों की ओर से लिफ्ट संचालन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। जांच में कई लिफ्टों पर तैनात ऑपरेटर ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए गए। कुछ मामलों में दो लिफ्टों के लिए केवल एक ऑपरेटर की तैनाती पाई गई, जबकि रात्रि के समय भी कई लिफ्टों पर ऑपरेटर मौजूद नहीं थे।

परिजन स्वयं लिफ्टों का संचालन कर रहे हैं
लिफ्ट ऑपरेटरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों के परिजन स्वयं लिफ्टों का संचालन कर रहे हैं, जिससे लिफ्टों की सुरक्षा, निगरानी तथा उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। अस्पताल प्रशासन ने इसे मरीजों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया है। रिम्स प्रशासन ने यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में जारी आदेश के तहत 110 लिफ्ट ऑपरेटर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था, लेकिन लगभग पांच महीने बीत जाने के बावजूद एजेंसी द्वारा पूर्ण रूप से कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई है। वर्तमान में आउटसोर्सिंग एजेंसी Samanta Security & Intelligence Services Pvt. Ltd. द्वारा रिम्स में लगाए गए लिफ्ट ऑपरेटरों की नियुक्ति कब की गई है एवं कितने लिफ्ट ऑपरेटर रिम्स में कार्यरत हैं, इसकी विस्तृत जानकारी अभी तक रिम्स प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे उनके विपत्रों (बिलों) की जांच एवं भुगतान में भी समस्या उत्पन्न हो रही है।
