logo

2019 के बाद एक भी मॉब लिंचिंग नहीं हुई, हेमंत के इस बयान पर रघुवर और बाबूलाल ने गिना दी ऐसी घटनाएं

Ranchi-1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
“2019 से पहले का मंजर देखिये। हर चौक-चौराहे पर मुसलमान भाइयों को मॉब लिंचिंग के नाम पर कैसे मारा जाता था। 2019 के बाद देखिये, एक भी मॉब लिंचिंग नहीं हुई है।” मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रतिक्रिया दी है। दोनों ने मॉब लिंचिंग की उन घटनाओं का आंकड़ा बताया है, जो झारखंड में साल 2019 के बाद हुई हैं।
हेमंत सोरेन का उक्त बयान वाला वीडियो क्लिप शेयर करते हुए शुक्रवार को रघुवर दास ने ट्वीट कर उन्हें जवाब दिया है। रघुवर दास ने अपने ट्वीट में लिखा, “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी कब क्या कहते हैं, लगता उन्हें भी इसका ध्यान नहीं रहता। मॉब लिंचिंग पर दिया गया मुख्यमंत्री जी का यह गैरजिम्मेदाराना बयान उनकी जानकारी और समझ पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। कभी झारखंड को लिंचिंग पैड कहकर पूरे देश में बदनाम करनेवाले हेमंत जी के राज में मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ी हैं। उनकी याद्दाश्त को ठीक करने के लिए बता दूं कि रूपेश पांडे और संजू प्रधान की मॉब लिंचिंग पूरा देश नहीं भूला है। आज आपके कमजोर नेतृत्व के कारण झारखंड की कानून व्यवस्था की स्थिति चौपट हो गयी है और आप झूठ बोलते फिर रहे हैं। अनर्गल बयानबाजी करने और मुस्लिम समाज को भड़काने से पहले उन्हें पुलिस-प्रशासन से अपने शासनकाल के मॉब लिंचिंग के आंकड़े मांग लेना चाहिए था।”

2019 के बाद हुई मॉब लिंचिंग की घटनाएं गिनायीं
रघुवर दास ने अपने इस ट्वीट में मॉब लिंचिंग की वे घटनाएं भी गिनायीं, जो साल 2019 के बाद झारखंड में हुई हैं। उन्हेंने ट्वीट में आगे लिखा है, “आपके शासनकाल में मॉब लिंचिंग के कुछ आंकड़े-

  • 11 मई 2020 को बकरी चोरी के आरोप में सुभान अंसारी की पीट-पीट कर हत्या
  • जनवरी 2022 को सिमडेगा में मॉब लिंचिंग में संजू प्रधान
  • जून 2020 गोड्डा में बकरी चोरी के आरोप में बबलू शाह की हत्या, उचित यादव को घायल किया
  • मार्च 2021 में  रांची में सचिन कुमार वर्मा को ट्रक चोरी के आरोप में पीट-पीटकर मार दिया गया
  • मार्च 2021 में रांची के अनगड़ा में मुबारक खान की हत्या
  • मार्च 2021 में गुमला में रामचंद्र उरांव को भीड़ ने पीटकर मार डाला
  • फरवरी 2022 में रूपेश पांडे की सरस्वती पूजा के विसर्जन के दौरान हत्या
  • अक्टूबर 2022 में गुमला में एजाज खान की हत्या
  • मई 2023 में लातेहार के चंदवा में सिबल गंझू और बोनी देवी की हत्या
  • मई 2023 में रांची के ओरमांझी में मिथुन सिंह खरवार की भीड़ द्वारा हत्या
  • फरवरी 2023 में रांची में शिवांश की उन्मादी भीड़ द्वारा हत्या कर दी गयी

जारी...”

 

बाबूलाल मरांडी ने कहा- 12 मॉब लिंचिंग हुई, आदिवासी कार्ड नहीं चल रहा, तो मुस्लिम कार्ड खेल रहे हेमंत
इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शुक्रवार को ट्वीट कर लिखा, “जब आदिवासी कार्ड नहीं चल रहा तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुस्लिम कार्ड खेलने में जुट गये। आपकी सरकार के ही आंकड़े बताते हैं कि आपकी सरकार के दौरान मॉब लिंचिंग की 12 घटनाएं हुई हैं। 5 मुसलमान इसके शिकार हुए हैं। दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार में तो आप टॉप पर हैं ही।”

 


हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N