द फॉलोअप डेस्क
राजधानी के लालपुर-कोकर रोड में मंगलवार से सड़क किनारे नॉनवेज बिकना बंद हो गया। दरअसल लालपुर स्थित डिस्टलरी वेंडर मार्केट में नॉनवेज बेचने वाले दुकानदारों को शिफ्ट करा दिया गया। यहां कुल 74 दुकानदारों को जगह उपलब्ध कराई गई है। बताते चलें कि सोमवार को ही दुकानों को शिफ्ट करने के संबंध में रांची नगर निगम की ओर से अनाउंसमेंट कराया गया था। इधर मंगलवार की सुबह से ही निगम की टीम ने मांस-मछली विक्रेताओं के द्वारा बनाए गए अस्थायी संरचनाओं को तोड़ दिया। जमीन को समतल करने का कार्य भी कराया गया।

जाम से भी मिलेगी राहत
वेंडर मार्केट में दुकानदारों को शिफ्ट करने से लालपुर-कोकर रोड में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। वहीं, मार्केट के पास ही बिरसा मुंडा की समाधि स्थल है। यहां विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होता है। राज्यपाल, सीएम से लेकर वीवीआई लोगों की आवाजाही होती है। इस समाधि स्थल के आसपास में सड़क पर नॉनवेज की दुकानों के कारण अक्सर गंदगी फैली रहती थी। कई बार लोग असहज हो जाते थे। मगर अब मार्केट में दुकानें लगने से इस समस्या से निजात भी लोगों को मिलेगी। नगर निगम ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT