logo

निखार हत्याकांड की जांच तेज, जमशेदपुर स्थित विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी

निखार हत्याकांड की जांच तेज, जमशेदपुर स्थित विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी

द फॉलोअप, जमशेदपुर: 
जमशेदपुर शहर के चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में चांडिल और जमशेदपुर की पुलिस टीम ने कोर्ट के आदेश पर सिदगोड़ा स्थित विक्रम शर्मा के नये कार्यालय 'विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड' में सघन तलाशी ली। दंडाधिकारी की मौजूदगी और वीडियोग्राफी की निगरानी में करीब एक घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने पूरे दफ्तर की जांच की। सिदगोड़ा पुलिस के साथ पहुंची चांडिल पुलिस की टीम ने कार्यालय की देखरेख करने वाले कर्मचारी को फोन कर मौके पर बुलाया। कर्मचारी के पहुंचने पर ताला खोला गया।

विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी

इसके बाद पुलिस ने दफ्तर के एक-एक हिस्से, सामानों और दराजों की बारीकी से जांच की। करीब एक घंटे की छानबीन के बाद पुलिस टीम कर्मचारी को दोबारा दफ्तर बंद करने का निर्देश देकर लौट गयी। सूत्रों के अनुसार, विक्रम शर्मा ने सिदगोड़ा में यह नया कार्यालय खोला था, लेकिन इसके शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस वजह से दफ्तर में कोई भी व्यावसायिक गतिविधि शुरू नहीं हो सकी थी। इससे पहले निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के सिलसिले में चांडिल, सोनारी और बिष्टुपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्याकांड के कथित साजिशकर्ता अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित आवास और डिजिटल मीडिया कार्यालय में भी छापेमारी की थी।

अशोक सिंह राघव को हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता

क्यूआरटी की मौजूदगी में पुलिस ने राघव की पत्नी को बुलाकर दफ्तर के कंप्यूटर, फाइलों और दस्तावेजों को खंगाला था। गौरतलब है कि बीते 26 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल में जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में अशोक सिंह राघव को इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक अशोक सिंह राघव समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए आरोपियों के ठिकानों और उनके कारोबारी दस्तावेजों की जांच कर रही है।

Tags - Vikram Udyog Private Limited Police Investigation jamshedpur police Murder Case