द फॉलोअप, रांची
झारखंड में नियमित डीजीपी की नियुक्ति से संबंधित याचिका पर अब 16 सितंबर को अगली सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ में सोमवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद पीठ ने इस गंभीर याचिका पर विस्तार से सुनवाई के लिए 16 अप्रैल की तिथि तय कर दी। मालूम हो कि प्रकाश सिंह बनाम भारत सरकार मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के विरुद्ध झारखंड में डीजीपी की नियुक्ति किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसको लेकर कई याचिका दायर की गयी है।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने पूरे मामले में अदालत को सहयोग करने के लिए दस्तावेजों को न्याय मित्र (Amicus Curiae) को सौंप दिया था। न्याय मित्र द्वारा सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट सौंप दी गयी थी। पिछली सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से बहस करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने न्याय मित्र की रिपोर्ट दिए जाने का कोर्ट से आग्रह किया था। उसके बाद कोर्ट के आदेश पर राज्य सरकार को रिपोर्ट सौंप दी गयी। इसके बाद सात सितंबर को सुनवाई की तिथि तय की गयी थी। लेकिन आज इस मामले में सुनवाई पूरी नहीं हुई और अगली सुनवाई 16 सितंबर को होगी।
