द फॉलोअप डेस्क, हजारीबाग:
झारखंड के हजारीबाग जिला में एक शिशु पेट के बाहर आंतों के साथ पैदा हुआ। मामला बिष्णुगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है जहां सकीना खातून नाम की महिला ने बेटे को जन्म दिया। परिजन और डॉक्टर यह देख हैरान थे कि शिशु की आंतें पेट से बाहर है। सबसे पहले प्रसव कराने वाली एएनएम किरण ने शिशु को देखा और घबराकर डॉक्टर को इसकी जानकारी दी। गौरतलब है कि सकीना खातून बिष्णुगढ़ के उपरैली मुरगांवों की रहने वाली है। वह पति फिरदौस अंसारी के साथ सीएचसी आई थीं।

नवजात शिशु को फौरन सर्जरी की जरूरत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के डॉक्टर जफर हसन को जब मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने फौरन शिशु को हजारीबाग रेफर कर दिया। डॉ. जफर हसन ने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में इस स्थिति को गैस्ट्रोश्चिसिस कहा जाता है। इसमें नाभि के पास छोटे छेद से आंतें बाहर निकल आती है। कभी-कभी अन्य अंग भी बाहर निकल आते हैं। उन्होंने इस स्थिति को जानलेवा बताते हुए कहा कि इसमें तुरंत सर्जरी की जरूरत पड़ती है।
डॉ. जफर हसन ने बताया कि एएनएम किरण ने सूझबूझ से बच्चे की नॉर्मल डिलिवरी कराई। उन्होंने बताया कि बिष्णुगढ़ सीएचसी में यह पहला मामला है।