सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी ने शनिवार से आदित्यपुर स्थित जियाडा शिविर कार्यालय में आम जनता से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान की पहल शुरू कर दी है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी समस्याओं को एसपी ने गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं निष्पादन के निर्देश दिए। वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का लक्ष्य है कि पुलिस व्यवस्था का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आम जनता को न्याय के लिए भटकना न पड़े। इसी सोच को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से उन्होंने आदित्यपुर स्थित जियाडा कार्यालय में नियमित रूप से बैठकर लोगों की शिकायतें सुनने की शुरुआत की है।

आवश्यकता बढ़ती है तो सप्ताह में दो दिन जनता दरबार
उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां जिला भौगोलिक दृष्टि से बड़ा और विविधतापूर्ण जिला है। जिले में कुल 17 थाना एवं ओपी हैं तथा दो अनुमंडल क्षेत्र हैं। इसके बावजूद आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र जिले की आर्थिक गतिविधियों का केंद्र है, जहां लगभग दो हजार उद्योग संचालित हो रहे हैं। ऐसे में उद्योगों, श्रमिकों, व्यवसायियों और आम नागरिकों से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रहती है। इसी कारण यहां नियमित रूप से बैठना आवश्यक महसूस किया गया। एसपी ने बताया कि पूर्व में भी जिले के पुलिस अधीक्षक समय-समय पर आदित्यपुर में जनता की समस्याएं सुनते रहे हैं। फिलहाल सप्ताह में एक दिन जियाडा कार्यालय में बैठकर शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। यदि लोगों की संख्या और आवश्यकता बढ़ती है तो सप्ताह में दो दिन जनता दरबार आयोजित करने पर भी विचार किया जाएगा।

हर शिकायत पर निष्पक्ष एवं समय पर कार्रवाई
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना पड़ेगा और हर शिकायत पर निष्पक्ष एवं समय पर कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को आयोजित पहले जनता दरबार में ही दो दर्जन से अधिक फरियादी विभिन्न मामलों को लेकर पहुंचे। एसपी ने सभी आवेदनों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र जांच एवं कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं एसपी निधि द्विवेदी की इस पहल को आम जनता के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि जिले की शीर्ष पुलिस अधिकारी के सीधे संपर्क में आने से शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी और पुलिस-जनता के बीच सीधा संवाद विश्वास और भी मजबूत होगा।
.jpeg)