द फॉलोअप डेस्क, रांची:
रांची ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। जारी सूची के अनुसार नई कार्यकारिणी में कुल 90 पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकारिणी का कार्यकाल अधिसूचना की तारीख से पांच वर्ष का होगा।
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। उपाध्यक्षों को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और जिला स्तर पर संगठन सशक्तीकरण, गतिविधियों एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महासचिवों को अलग-अलग प्रखंडों में संगठन प्रभारी बनाया गया है।

बूथ स्तर पर मजबूती के लिए नई टीम
कार्यकारिणी में महिला सदस्यता बढ़ाने, पार्टी के विभागों एवं मोर्चों की निगरानी, बूथ प्रबंधन, बैठकों और समितियों की गतिविधियों की निगरानी जैसी जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। इसके अलावा सचिव स्तर के पदाधिकारियों को विभिन्न मंडलों में संगठनात्मक कार्य, जिला कार्यालय, BL-A/BL-B और एसआईआर से जुड़े कार्यों में सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है।
सूची में अनगड़ा, कांके, सिल्ली, सोनाहातू, तमाड़, बेड़ो, ओरमांझी, नामकुम, रातू, खलारी, बुढ़मू और अन्य क्षेत्रों के पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं। 1 सितंबर 2026 की तारीख वाली इस सूची के जरिए रांची ग्रामीण कांग्रेस ने संगठन को प्रखंड, मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में नई टीम को जिम्मेदारी सौंपी है।