द फॉलोअप डेस्क
NEET UG 2026 का परिणाम जारी हो गया है। रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक हासिल कर झारखंड के टॉप छात्रों में अपनी जगह बनाई है। उन्हें परीक्षा में 665 अंक मिले और उनका परसेंटाइल 99.96 रहा। ज्ञानेंद्र की शुरुआती पढ़ाई रांची के जेवीएम श्यामली स्कूल से हुई, जहां वह हमेशा मेधावी छात्र रहे। इससे पहले आयोजित NEET परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द होने से वह काफी निराश हो गए थे। हालांकि, उनके माता-पिता और दोस्तों ने उनका हौसला बढ़ाया और दोबारा पूरी मेहनत से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। ज्ञानेंद्र ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर दोबारा परीक्षा दी और बेहतरीन सफलता हासिल की।

परीक्षा रद्द होने के बाद काफी तनाव में थे
ज्ञानेंद्र ने बताया कि पहली परीक्षा रद्द होने के बाद वह काफी तनाव में आ गए थे। उन्हें लग रहा था कि उनकी महीनों की मेहनत बेकार चली गई। लेकिन उनकी मां, पिता और दोस्तों ने लगातार उनका मनोबल बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने फिर से पूरी लगन के साथ तैयारी शुरू की। ज्ञानेंद्र का कहना है कि उनका सपना एक अच्छा डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों के सहयोग के साथ-साथ नियमित पढ़ाई और अनुशासन को दिया।
.jpeg)
पिछले वर्ष भी NEET में 715 अंक प्राप्त किए थे
ज्ञानेंद्र के पिता मयंक भूषण, जो वर्तमान में गढ़वा के एसडीओ हैं, बेटे की सफलता से बेहद खुश हैं। रिजल्ट आने के बाद उन्होंने ज्ञानेंद्र को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर पिता का सपना होता है कि उसका बेटा जीवन में आगे बढ़े और आज वह सपना पूरा होता दिख रहा है। उन्होंने बताया कि ज्ञानेंद्र बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है। वह इंटरमीडिएट में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। पिछले वर्ष भी उसने NEET में 715 अंक प्राप्त किए थे, लेकिन पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द हो गई थी, जिससे वह काफी निराश हुआ था। इसके बावजूद उसने हार नहीं मानी और इस बार अपनी मेहनत के दम पर शानदार सफलता हासिल कर परिवार, स्कूल और पूरे झारखंड का नाम रोशन किया।