logo

SIR में महिलाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरतःकल्पना सोरेन

kalp1.jpg

द फॉलोअप, गिरिडीह
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रविवार को गिरिडीह स्थित उत्सव उपवन सभागार में बीएलए-2 का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सह बूथ सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। सम्मेलन में जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे बीएलए-2 एवं बूथ कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान एक भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी बीएलए-2 और बूथ कमेटियों की है। मंत्री ने कहा कि एसआईआर की इस प्रक्रिया को झामुमो गंभीरता से ले रही है और बूथ स्तर पर इसकी व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर मतदाता तक पहुंचने और आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

गाण्डेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में महिलाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद महिलाओं का निवास और मतदाता क्षेत्र बदल जाता है, इसलिए उनके दस्तावेजों के सत्यापन में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने बूथ कमेटी के सदस्यों से कहा कि पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची से न कटे और किसी भी प्रकार का फर्जी नाम सूची में न जुड़ सके, इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि एसआईआर को लेकर पार्टी पूरी तरह गंभीर है। बूथ कमेटी से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक इस पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल वरिष्ठ पदाधिकारियों से संपर्क करें। वहीं जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि संगठन द्वारा लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। धनवार के पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी ने अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के सत्यापन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई। सम्मेलन को डुमरी विधानसभा क्षेत्र के नेता अखिलेश महतो राजू और प्रणव वर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत नेताओं द्वारा शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। रांची से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की जानकारी बीएलए-2 एवं बूथ कमेटी के सदस्यों को दी। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को एसआईआर से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम में महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, दिलीप मंडल, बबली मरांडी, नगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, कोलेश्वर सोरेन, दिलीप रजक, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर, अनामिका मुर्मू, राकेश रंजन, मेहताब मिर्जा, खुरशीद अनवर हादी, शफीक अंसारी, प्रधान मुर्मू, बिरजू मरांडी, राकेश कुमार सिंह, मोनू सिंह, हलधर राय, मुकेश केशरी और चांद रसीद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित थीं।

Tags - JMM BLA meeting Giridih Kalpana Soren Sudivya Sonu