logo

राज्यसभा चुनाव : होटल के बंद कमरे में कराए गए मॉक पोल प्रशिक्षण में उत्तीर्ण हुए एनडीए विधायक

hhtt.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए खेमे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से कुछ घंटे पहले रांची के रेडिशन ब्लू होटल में ठहरे एनडीए विधायकों को मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और मॉक पोल के माध्यम से प्रशिक्षण कराया गया। प्रशिक्षण के बाद मॉक पोल में उत्तीर्ण हुए एनडीए विधायक। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधायकों को राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया से अवगत कराया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत त्रुटि न हो। बताया गया कि कई विधायक पहली बार राज्यसभा चुनाव में मतदान करेंगे, इसलिए उन्हें वोटिंग की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। कार्यक्रम के दौरान एनडीए समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी परिमल नाथवानी की जीत को लेकर विधायकों में उत्साह और आत्मविश्वास दिखाई दिया।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर होटल की राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि बीएनआर होटल में उसके विधायक क्यों ठहरे हुए हैं और वहां क्या गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दावा कर रही थी कि उसके विधायक सीधे अपने-अपने घरों से मतदान के लिए पहुंचेंगे, लेकिन अब पूरा कुनबा होटल में मौजूद है। आदित्य साहू ने दावा किया कि एनडीए के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और परिमल नाथवानी के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत “सौ फीसदी तय” है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगे।

कांग्रेस पर एक और हमला बोलते हुए साहू ने कहा कि पार्टी ने अपने पोलिंग एजेंट के रूप में झारखंड से बाहर के नेताओं को जिम्मेदारी दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेता इस भूमिका के लिए पर्याप्त विश्वसनीय और योग्य नहीं हैं। बैठक में बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जदयू विधायक सरयू राय, भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, शशिभूषण मेहता, सत्येंद्र नाथ तिवारी, राज सिन्हा, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह सहित एनडीए के कई विधायक मौजूद रहे। नेताओं ने एक स्वर में परिमल नाथवानी की जीत का दावा करते हुए एनडीए की एकजुटता का प्रदर्शन किया।

Tags - Jharkhand Rajya Sabha elections NDA MLAs mock poll training