द फॉलोअप डेस्कः
जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से 20 अगस्त की सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद से एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट लापता हो गया था। एकरक्राफ्ट का अबतक कुछ पता नहीं चल पाया है। लापता एयरक्राफ्ट को खोजने के लिए विशाखापट्टनम से नेवी की एक टीम आ चुकी है। सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। एक शव भी बरामद हुआ है। दरअसल सुबह साढ़े आठ बजे मछुआरों ने देखा कि झाड़ियों में एक लाश फंसी है। जिसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन की टीम पहुंची तो देखा कि शव कैप्टन जीत शत्रु का है। वहीं दूसरे केैप्टन का जूता बरामद हुआ है।

दरअसल 21 अगस्त को सुबह से ही एनडीआरएफ की टीम एयरक्राफ्ट और दोनों पायलट की खोजबीन कर रही थी। एनडीआरएफ के गोताखोर पानी के नीचे भी गए लेकिन किसी का कुछ पता नहीं चला। क्योंकि लगातार हो रही बारिश की वजह से पानी मटमैला हो चुका है। इसलिए सिर्फ टेक्नोलॉजी ही काम आ सकती है। इसी वजह से सरायकेला प्रशासन ने नेवी से मदद के लिए रक्षा मंत्रालय से आग्रह किया था। जिला प्रशासन की पहल के बाद विशाखापट्टनम से नेवी की एक टीम को झारखंड भेजा गया है।

आज सुबह से ही चांडिल डैम में नेवी की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। दरअसल 20 अगस्त को एयरक्राफ्ट के लापता होने के बाद पूरा दिन इसी बात को समझने में निकल गया कि एयरक्राफ्ट आखिर गिरा कहां है। शाम के वक्त जिला प्रशासन को जानकारी मिली कि एक शख्स ने एयरक्राफ्ट को चांडिल डैम में गिरते हुए देखा है। इस आधार पर 21 अगस्त को एनडीआरएफ की टीम को खोजबीन में लगाया गया था।