द फॉलोअप डेस्क, रांची:
धनबाद में रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में फर्जी दस्तावेजों के सहारे 6.32 करोड़ रुपये का मुआवजा लेने के आरोप में निगरानी पुलिस ने 85 वर्षीय नरसिंह दास को गिरफ्तार किया है। नरसिंह दास मूलरूप से बिहार के अरवल जिला स्थित परासी थानाक्षेत्र अंतर्गत परशुरामपुर गांव का रहने वाला है। निगरानी विभाग ने सरकारी राजस्व का गबन करने के आरोप में बीते 5 नवंबर को नरसिंह दास को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक नरसिंह दास पर यह कार्रवाई 21 अप्रैल 2016 को दर्ज मुकदमे के सिलसिले में की गई है। नरसिंह दास पर आरोप है कि उसने धनबाद मौजा संख्या 51 के खाता संख्या-121, प्लॉट संख्या-1630 को फर्जी दलील संख्या-25560 के सहारे अपना बताते हुए सरकार से 6 करोड़ 32 लाख, 13 हजार 585 रुपये का मुआवजा हासिल किया।

बांग्ला दस्तावेज को अंग्रेजी में कूटरचित कराया
धनबाद के जिला अवर निबंधक कार्यालय में उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार यह दलील क्रेता हराधन महतो और अन्य के नाम पर बांग्ला भाषा में निबंधित पाई गई, जबकि अभियुक्त ने इसे अंग्रेजी में कूटरचित कराया था। अब आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

नरसिंह दास के खिलाफ लगी धाराएं भी जानिए
गौरतलब है कि नरसिंह दास के खिलाफ निगरानी थाना कांड संख्या 31/16 के तहत धारा 406/409/419/420/423/424/467/468/471/120(B)/ 34 और भारतीय दंड विधान की धारा 3(1)(V)/4, SC/ST ACT 1989 और धारा 13(2) सहपठित धारा-13(1)(C) के तहत केस दर्ज किया गया था.