द फॉलोअप डेस्क, रांची
BJP AJSU News: भाजपा नेता हरेलाल महतो ने कहा है कि वह चुनाव हारे या जीते, आगे उनका राजनीतिक भविष्य क्या होगा, इसकी चिंता उन्हें जितनी नहीं है उससे कहीं ज्यादा उनके विरोधियों को रहती है। उन्होंने ग्रामीणों से लोगों की बातों पर ध्यान देने की बजाय अपने काम और समाज के हितों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। हरेलाल महतो ने कहा कि जब तक वह जीवित रहेंगे, इस माटी के सम्मान के लिए संघर्ष करते रहेंगे और गरीब एवं दुखी परिवारों की सेवा में दिन-रात जुटे रहेंगे। वह शुक्रवार को नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी स्थित सोना डूंगरी मैदान में आयोजित ऐतिहासिक रावण दहन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। न्यू आदर्श बॉयज क्लब, झिमड़ी के तत्वावधान में आयोजित मेले में आसपास के गांवों से हजारों ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद रघुनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

रावण दहन से पहले अपने भीतर के अहंकार को मारें
सभा को संबोधित करते हुए हरेलाल महतो ने रावण दहन की परंपरा को आत्ममंथन से जोड़ते हुए कहा कि रावण का पुतला जलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज और स्वयं के भीतर मौजूद बुराइयों को पहचानना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर रावण दहन करने वाले कुछ लोग खुद को प्रभु श्रीराम समझने की भूल कर बैठते हैं, जबकि हम सभी साधारण इंसान हैं और प्रभु श्रीराम के चरणों की धूल के बराबर भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाज में छिपे रावण को पहचानने से पहले अपने भीतर के अहंकार को समाप्त करना चाहिए। जब अहंकार इंसान के मस्तिष्क पर हावी हो जाता है, तो वह अपनी कमियों को देखना तक भूल जाता है। यही अहंकार धीरे-धीरे मनुष्य के चरित्र को रावण जैसा बना देता है। हरेलाल महतो के अनुसार, यदि लोग प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को आत्मसात कर लें, तो बुराई और अधर्म के अंत के लिए केवल प्रतीकात्मक रावण दहन पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कार्यक्रम में कई नेता उपस्थित हुए
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, जिला महामंत्री आकाश महतो, भाजपा नेता प्रो. रविशंकर मौर्या, झिमड़ी की मुखिया सरस्वती सिंह मुंडा, उपमुखिया विजय महतो, पंचायत समिति सदस्य पद्मलोचन महतो, नीमडीह के पूर्व मंडल अध्यक्ष नारायण गोप, कुकड़ू के पूर्व मंडल अध्यक्ष भरत महतो, भाजपा नेत्री अन्नपूर्णा महतो, ग्राम प्रधान अश्विनी महतो, मेला समिति अध्यक्ष गणेश चंद्र महतो समेत अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
