द फॉलोअप, गढ़वा:
गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर (नगर उंटारी) सिविल कोर्ट परिसर से बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में एक कैदी के फरार होने की सूचना से हड़कंप मच गया। फरार कैदी की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के राजी निवासी उमानंद चौधरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उमानंद चौधरी हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी है और काफी समय से फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात नगर उंटारी पुलिस के सहयोग से उमानंद चौधरी को सुलसुलिया गांव से पकड़ा गया था। इसके बाद उसे खरौंधी पुलिस के हवाले कर दिया गया। बुधवार को खरौंधी थाने की पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने के लिए श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट लेकर पहुंची थी। इसी दौरान कोर्ट परिसर में पुलिस अभिरक्षा के बीच उमानंद चौधरी के फरार होने की सूचना सामने आई।

हत्या के नियत से अपने भाई के साथ मारपीट
इसके बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी। वहीं, कैदी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कोर्ट परिसर में चर्चा रही कि कैदी को लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी मोबाइल फोन चला रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस अभिरक्षा में हत्या के आरोपी कैदी को भागने का मौका कैसे मिला। सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस मामले पर मोबाइल से कॉल पर बात करते हुए एसडीपीओ श्री बंशीधर नगर सतेन्द्र नारायण सिंह ने कहा की एक कैदी फरार हुआ है, हत्या के नियत से अपने भाई के साथ मारपीट किया था उसी मे नामजद आरोपी था पुलिस आरोपी के तलाश मे जुटी है।
