द फॉलोअप डेस्क
रांची को साफ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम पूरी तरह कटिबद्ध है। नगर निगम ने कंपोस्टिंग मशीन की खरीदारी की है। नगर निगम द्वारा कर्बला चौक एमटीएस तथा नागाबाबा सब्जी मार्केट में कंपोस्टिंग मशीन लगाई गई है, जिसका उद्घाटन महापौर आशा लकड़ा तथा उप महापौर संजीव विजयवर्गीय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

सब्जी बाजारों में इन मशीनों का अधिष्ठापन किया जाएगा।
इस मौके पर महापौर आशा लकड़ा ने कहा की जिस प्रकार प्रतिदिन राँची शहर में कचड़ा निकलता है, यह निगम का प्रयास है कि कचड़े को रिसाइकिल करते हुए खाद बनाकर अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। रांची नगर निगम शहर को स्वच्छ एवं सुंदर रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में आज दो क्षेत्रों, कर्बला चौक एमटीएस तथा नागा बाबा खटाल सब्जी मार्केट में कंपोस्ट मशीन अधिष्ठापन किया गया है। यदि निगम की यह पहल बेहतर परिणाम लाती है तो अन्य क्षेत्रों में खासकर सब्जी बाजारों में इन मशीनों का अधिष्ठापन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें :रांची : आय से अधिक मामले में मेनन एक्का दोषी करार, भेजी गई जेल
महिलाओं को भी दिया जायेगा प्रशिक्षण
बता दें नागा बाबा सब्जी मार्केट में लगायी गयी कंपोस्टिंग मशीन की क्षमता 500 किलो प्रतिदिन है तथा कर्बला चौक एमटीएस में लगायी गयी मशीन की क्षमता 1500 किलो प्रतिदिन की है। एक बार मशीन में वेस्टेज डालने के बाद 24 घंटे के अंदर उसे खाद में परिवर्तित कर दिया जाएगा। यहां से निकलने वाले खाद की बिक्री शहर के सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG) की महिलाओं द्वारा किया जायेगा। इसके लिए इन ग्रुप की महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया जायेगा।
