रांची :
स्थापना दिवस को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड आ रही हैं। इसको लेकर रांची नगर निगम एक्शन मोड में है। जिन रास्तों से राष्ट्रपति को गुजरना है यानि प्रमुख सड़कों की 24 घंटे सफाई की जा रही है। इसके अलावा शहर के चौक-चौराहों व मुख्य मार्गों की दीवारों पर रंग-रोगन किया जाएगा। दरअसल शनिवार को नगर आयुक्त शशि रंजन ने बिरसा समाधि स्थल के साथ ही सभी मुख्य सड़कों की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। चौराहों पर लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं बड़ा तालाब के स्वामी विवेकानंद स्टेच्यू एवं उसके आस-पास सफाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा कई दिशा-निर्देश दिए। वहीं, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर 13 से लेकर 16 नवंबर यानि चार दिनों तक नागाबाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट और कोकर वेजिटेबल मार्केट के साथ ही किशोरगंज चौक तक सभी फल-सब्जी की दुकानें बंद रहेंगी। मुख्य सड़क के किनारे लगने वाली सभी फुटपाथ दुकानों को हटाने कहा गया। वहीं, अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान इनफोर्समेंट टीम को नो वेंडिंग जोन में दुकानों को हटवाने व नालियों के ऊपर बनी फुटपाथ दुकानों को जल्द से जल्द हटवाने का निर्देश दिया।

दो दिवसीय दौरे पर आ रही हैं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 14 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर रांची आ रही हैं। 15 नवंबर को राष्ट्रपति खूंटी के उलिहातू स्थित बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद मोरहाबादी में आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार की नई योजनाओं और नीतियों का शुभारंभ राष्ट्रपति के द्वारा किया जाएगा।
