रांची :
रांची नगर निगम में अब तक 45 करोड़ रुपए का संग्रहण हुआ है। इस वर्ष का लक्ष्य 75 करोड़ है। यह जानकारी राजस्व संग्रहण करने वाली कंपनी ने नगर आयुक्त शशि रंजन को दिया। नगर आयुक्त अपने कार्यालय में राजस्व शाखा की समीक्षात्मक बैठक कर रहे थे। जिसमें राजस्व संग्रहण के संबंध में पूछे जाने पर एजेंसी ने इसकी जानकारी दी। साथ ही बताया कि इस वर्ष के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। आम लोगों के बीच जागरूकता भी फैलाई जा रही है। नगर आयुक्त ने इस पर कहा कि रांची नगर निगम की राजस्व शाखा राजस्व संग्रहण का मुख्य शाखा है। जिसके कारण ही निगम के बहुत सारे कार्य निगम मद से किए जाते हैं। इसलिए आवश्यक है की सभी कर्मचारी एक टीम की तरह काम करें।
एक साल में बनी संरचना की सूची होगी तैयार
रांची नगर निगम क्षेत्र में बीते एक साल में बनी संरचनाओं की सूची तैयार की जाएगी। इसका निर्देश नगर आयुक्त ने एजेंसी को दिया। एजेंसी से कहा कि वार्डवार घूम-घूम कर जो भी नई संरचना बन रही है एवं विगत एक साल में बनी है उसकी सूची तैयार करें। जिससे वैसे भवनों का Assessment किया जा सके। इसके अलावा बड़े राशि के टैक्स बकायेदारों की एक सूची तैयार कर उन्हें नोटिस निर्गत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, राजस्व शाखा के सभी पदाधिकारी-कर्मियों से कहा कि सुनिश्चित करें कि शहर में सभी नागरिक होल्डिंग टैक्स का भुगतान ससमय करें।
बिना ट्रेड लाइसेंस के संस्थान न चले
नगर आयुक्त ने ट्रेड लाइसेंस की संख्या को बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पदाधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सुनिश्चित करें कि निगम क्षेत्र में कोई भी संस्थान बिना ट्रेड लाइसेंस के संचालित न हो। बैठक में अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार, राजस्व शाखा के पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित थे।