logo

नारायणपुर में थार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल

a746.jpg

नारायणपुर/जामताड़ा:

गिरिडीह-पांडेडीह मुख्य मार्ग पर दुलाडीह गांव के समीप गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​ससुराल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बुढ़ई ढाकोडीह गांव के रहने वाले 38 वर्षीय भरत पंडित अपनी पत्नी दुलारी देवी और पुत्र अजय पंडित के साथ सीकरपोषणी गांव से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने ससुराल टोपाटांड़ जा रहे थे। इसी दौरान दुलाडीह गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही थार गाड़ी (सं. JH-15-AQ-9890) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि भरत पंडित की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, उनकी पत्नी दुलारी देवी और पुत्र अजय पंडित बुरी तरह घायल होकर वहीं गिर पड़े। सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने भरत पंडित को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी और बेटे को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।

​परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
घर के मुखिया की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। एक ही झटके में परिवार का सहारा छिन गया है, वहीं घायल मां-बेटे जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और दुर्घटनाग्रस्त थार वाहन के चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Tags - JharkhandJamtaraRoad AccidentThar