द फॉलोअप डेस्क
रांची के मोरहाबादी में वर्षों से लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार को प्रशासन द्वारा बंद किए जाने के विरोध में शनिवार को सैकड़ों सब्जी विक्रेता सड़क पर उतर आए। बाजार बंद होने से नाराज दुकानदारों ने जिला प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई।

जाम की समस्या के कारण बंद किया गया बाजार
जानकारी के अनुसार, मोरहाबादी में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार के कारण सुबह और शाम के समय अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने अचानक बाजार को बंद करने का निर्णय लिया। हालांकि इस फैसले के बाद बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें वैकल्पिक स्थान पर दुकान लगाने का प्रस्ताव भी दिया।

स्थायी जगह मिलने तक मोरहाबादी में दुकान लगाने की मांग
सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि इस हाट बाजार से सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए बाजार बंद करना उनके रोजगार पर सीधा असर डाल रहा है। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने मांग की है कि जब तक प्रशासन उन्हें कोई स्थायी स्थान उपलब्ध नहीं कराता, तब तक मोरहाबादी में ही हाट बाजार लगाने की अनुमति दी जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य करने का प्रयास जारी है।