द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। बीते 24 घंटे में राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं अब अगले 24 घंटे में राज्य में मानसून जोड़ पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में राज्य में मानसून एक्टिव हो जाएगा। विभाग ने 23 और 24 जून को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा 25 और 26 जून को संथाल परगना के जिलों और रांची सहित आसपस के इलाके में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
तापमान में 4-5 डिग्री तक आई गिरावट
मौसम विभाग अनुसार हल्के और मध्यम दर्जे की बारिश की वजह से राज्य के अधिकांश जिले के तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट देखी गई है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 39.4 डिग्री डाल्टेनगंज का रहा है। वहीं सबसे कम तापमान सरायकेला का 24 डिग्री सेल्सियस रहा। बता दें कि 26 जून को राजधानी और आसपास वाले इलाकों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ किया गया है।
गर्मी से मिली लोगों को राहत
गौरतलब है कि झारखंड में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून ने साहिबगंज और पाकुड़ के रास्ते दस्तक दी है। संताल परगना के साहिबगंज और पाकुड़ में मानसून की पहली बारिश शुक्रवार को हुई। बारिश होने की वजह से गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। वही राजधानी रांची समेत कई जिलों में पिछले दो दिनों से मौसम खुशनुमा बना हुआ है और जहां प्री मानसून की बारिश हो रही है। बता दें कि मानसून अभी संथाल परगना के इलाके में ही सक्रिय है। जब एक्टिव मानसून कोल्हान के इलाके में प्रवेश करेगा तब अच्छी बारिश हो सकती है।