द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून कमजोर पड़ गया है। राजधानी समेत राज्य के अलग हिस्सों में बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई है। अभी 13 जुलाई तक बारिश के कोई आसार भी नहीं है। बता दें कि इस बार राज्य में उम्मीद से काफी कम बारिश हुई है। ऐसे में राज्य में कृषि पर संकट गहरा हो गया है। रांची में अब तक 138.5 मिमी बारिश हुई है जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 263 मिमी का है। इसमें 47 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
रांची में छिटपुट बारिश देखने को मिली
मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 13 जुलाई तक भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्से में बादल छाये रहेंगे। वहीं, दिन में एक दो बार बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी रांची में 13 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है।पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश खूंटी रनिया में 74.2 एमएम बारिश दर्ज की गयी। मासनजोर और जामताड़ा में 68 एमएम बारिश दर्ज की गयी। वहीं, चतरा, देवघर, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, रामगढ़, रांची में छिटपुट बारिश देखने को मिली।
सामान्य से 49 फीसदी तक कम हुई है बारिश
राज्य के जिन जिलों में मानसून सबसे कमजोर रहा है, उनमें पाकुड़ सबसे आगे हैं, जहां सामान्य से 72 फीसदी बारिश कम हुई है। इसके बाद सरायकेला-खरसांवा, जहां 69 प्रतिशत कम बारिश हुई। इसके बाद लोहरदगा जहां 63 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसी तरह राज्य के 24 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। झारखंड में अब तक 129।3 मिलिमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 49 प्रतिशत कम है। अब तक राज्य में 255।3 प्रतिशत तक बारिश हो जानी चाहिए थी।