logo

सिमडेगा : विधायक भूषण बाड़ा ने सूतराम गांव में ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, विकास का दिया भरोसा

ilmi.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा घने जंगलों के बीच स्थित मुड़िया पंचायत के अंतर्गत सूतराम गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। विधायक के गांव पहुंचते ही पूरे गांव का माहौल उत्सव में बदल गया, क्योंकि आजादी के बाद यह पहला अवसर था जब किसी विधायक ने सीधे गांव का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़, जिप सदस्य और कांग्रेस महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा के स्वागत में उमड़ी। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और उत्साहपूर्ण नारों के साथ ग्रामीणों ने विधायक और जिप सदस्य का जोरदार स्वागत किया।

ग्रामीणों ने बताया कि सूतराम गांव वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा है और आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब किसी जनप्रतिनिधि ने सीधे आकर उनकी समस्याएं सुनी। गांव पहुंचते ही विधायक ने ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी कठिनाइयों को गंभीरता से सुना। इस दौरान बिजली और सड़क की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई। विधायक ने गरीब और असहाय लोगों के बीच कम्बल का वितरण भी किया। मौके पर उप प्रमुख सिलबेस्टर बघवार, प्रखंड उपाध्यक्ष अमृत डांग, पूर्व मुखिया मुक्ता तिर्की, प्रतिमा कुजूर, जिदन जोजो, सनातन लुगुन, दिनाकरन बुड़, जोलेन समद, सलीम जोजो, अरबिंद जोजो, सुगड़ लुगुन, स्नेहलता तिर्की, आश्रिता लुगुन, बहमनी समद, सुसारी जोजी सहित अन्य भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
इस अवसर पर विधायक भूषण बाड़ा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और जंगलों के बीच बसे गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। चाहे गांव कितना भी दूर क्यों न हो, हर गांव तक पहुंचना उनका संकल्प है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वे लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष और जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि सूतराम गांव में उमड़ा जनसैलाब यह दर्शाता है कि ग्रामीण बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जंगलों के बीच बसे गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनना ही सच्ची जनसेवा है। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की और विश्वास जताया कि आने वाले समय में सूतराम गांव विकास की नई पहचान बनेगा।

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates Latest Jharkhand News jharkhand News Updates latest Updates Jharkhand Simdega Updates latest Simdega news Simdega News Simdega news Updates latest Simdega News Simdega News Updates Jharkhand news Upd