द फॉलोअप डेस्क, रांची
बड़कागांव से विधायक अंबा प्रसाद ने शुक्रवार को अभिनेता रजनीकांत से रांची के रेडिशन ब्लू होटल में मुलाकात की. लगभग आधे घंटे से अधिक तक चली वार्ता के दौरान थलाइवा ने विधायक अंबा प्रसाद को पुत्री संबोधित कर सफलता के मंत्र दिये। क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों एवं लोगों की समस्याओं को हल कैसे किया जाए इस संबंध में विधायक अंबा प्रसाद ने सुपरस्टार रजनीकांत से मार्गदर्शन प्राप्त किया एवं जन सेवा की भावना को देखते हुए उन्होंने ने अंबा प्रसाद को दक्षिण भारत आने का आमंत्रण दिया।
रजरप्पा मंदिर के दर्शन को बताया शानदार
दरअसल साउथ के सुपरस्टार कहे जाने वाले रजनीकांत इन दिनों झारखंड दौरे पर हैं. रांची पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की. सीपी राधाकृष्णन रजनीकांत के बचपन के मित्र हैं. इसके बाद सुपरस्टार रजनीकांत ने झारखंड के मशहूर रजरप्पा मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की थी। वापस लौटते समय रांची में उन्होंने बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद से बातचीत में कहा कि रजरप्पा माता का दर्शन शानदार अनुभव रहा। बता दें कि रामगढ़ में स्थित रजरप्पा मंदिर को सिद्धपीठ माना जाता है। रांची से करीब 80 किमी की दूरी पर स्थित रजरप्पा में देवी छिन्नमस्तिका का मंदिर है, जिसे दूसरा सबसे बड़ा शक्तिपीठ माना जाता है।