द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता करम पर्व मनाने के लिए अपनी नानी के घर आई हुई थी। इसी दौरान 31 अक्टूबर की रात दो युवकों ने कथित तौर पर घर के बाहर से उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि दोनों उसे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपियों के चंगुल से निकलकर पीड़िता अपनी एक सहेली के घर पहुंची। अगले दिन उसने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत मिलते ही चैनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के महज ढाई घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान देवानंद सिंह (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ के लोदाम का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

नाबालिग आरोपी बाल सुधार गृह, दूसरा जेल भेजा गया
पुलिस ने नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि 18 वर्षीय देवानंद सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।