रांची
आंदोलनकारी छात्रों से वार्ता होने के बीच हेमंत सरकार के मंत्रियों ने अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बात की है। आंदोलनकारी महतो से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री चमरा लिंडा और मंत्री संजय प्रसाद यादव आदि ने बात की। उनको छात्रों की समस्या के निदान का भरोसा दिया गया है। बता दें कि सरकार और छात्रों के बीच चल रही बातचीत फिलहाल खत्म हो गई है। इस बातचीत से जो बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, उसके अनुसार सरकार फिलहाल तीन परीक्षाएं रद्द करने जा रही है। इसमें 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा और बैकलॉग की दो परीक्षाएं शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार जो जानकारी मिली है उसके अनुसार सरकार टीडीपीएल एजेंसी द्वारा ली गई सभी परीक्षाओं की जांच कराएगी।

ईडी से होगी जांच
इस वार्ता से जो बड़ी खबर सामने आई है, उसके अनुसार परीक्षा धांधली में वित्तीय लेन-देन की जांच सरकार ईडी से भी कराने के लिए सहमत हो गई है। साथ ही जेपीएससी और जेएसएससी में रिफॉर्म्स के लिए एक कमेटी बनेगी। आईआईएम और एक्सआईएसएस जैसे संस्थान इसमें शामिल होंगे। साथ ही ईमेल के जरिये लोगों से जो सुझाव मांगे गए हैं, उनमें से भी कुछ लोगों को इसमें शामिल किया जाएगा। परीक्षाओं की सीआईडी और सीबीआई मांग पर भी सरकार ने ध्यान दिया है। खबर है कि विवादित परीक्षा की न्यायिक जांच पर सरकार सहमत हो गई है।
