द फॉलोअप डेस्कः
अपनी बयानबाजियों के कारण हमेशा मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले मंत्री इरफान अंसारी का दिल टूट गया है। दरअसल वह अब मीडिया के सामने किसी तरह का बयान नहीं देंगे। ऐसा उन्होंने खुद कहा है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि मैंने मीडिया से दूर रहने का फैसला कर लिया हूं। मुझे मेरे राहुल गांधी जी और हेमंत सोरेन जी, गुलाम अहमद मीर साहब से कोई अलग नहीं कर सकता। मैंने पहले भी इनका नाम रोशन किया है और आगे भी नाम रोशन करता रहूंगा। इनलोगों ने मुझे जिस पद पर पर बैठाया है, उनको तहे दिल से धन्यवाद देता हूं। काम करके सबका दिल जीत लूंगा। इस पद हर पल कांटे ही कांटे हैं। संभल कर चलना मेरी जवाबदेही है और मुझे संभाल कर रखना आपकी जवाबदेही।

उन्होंने एक संदेश जारी करते हुए लिखा है कि इस तरह के लोग मौका देखते ही आपको नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही आपकी योजनाओं को असफल करने के प्रयास में जुटे रहते हैं। अच्छी छवि को साजिश के तहत की हानि पंहुचाते हैं। इसलिए चेहरा देखकर बात करने वालों से सचेत रहना चाहिए। ऐसे लोग अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। इनका विश्वास नहीं करना चाहिए। इस स्वभाव के व्यक्ति अपने स्वार्थ के लिए आपको हानि पहुंचाते है ।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों को समय रहते ही पहचान लेना चाहिए और एक निश्चित तौर पर दूरी बनाकर रहना चाहिए। मेरे काम से मेरे अपने साथी ही बौखला जाते हैं और जानबूझकर मीडिया मेरे आवास मे भेज कर के मेरी छवि को खराब करते करते हैं। कभी-कभी मीडिया की बेबसी मुझे देखी नहीं जाती। यह सोचकर बयान देता हूं कि उनकी दुकानदारी चले । लेकिन यह लोग बयान में भी जात-पात को डालकर हमेशा मेरी अच्छी छवि को खराब करता है। कुछ लोग अपना टीआरपी बढ़ाते हैं तो कुछ लोग मुझे नीचा दिखाते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब मैं बयान नहीं दूंगा। जिसको बुरा लगता है लगे जिसको अच्छा लगता है लगे।

दरअसल मंत्री इरफान अंसारी का वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। अपने विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में कार्यकर्ताओं के बीच बैठे इरफान अंसारी और कार्यकर्ताओं के बीच के संवाद ने राजनीतिक तापमान को गर्म कर दिया है। रविवार को इरफान अंसारी जामताड़ा में एक कार्यक्रम में मौजूद थे जहां से कार्यक्रम का लाइव टेलिकास्ट किया जा रहा था। तभी कार्यकर्ता मंत्री इरफान अंसारी को कहता है कि ग्रामीण विकास मंत्रालय आपको मिलना चाहिए था, जिसके पास 10 भूमिहार का वोट नहीं है, उसको दे दिया ग्रामीण विकास, क्या मतलब है इसका। तभी दूसरा कार्यकर्ता कहता है कि पुतला जलाएंगे, हेमंत सोरेन का भी जलाएंगे, मुख्यमंत्री का पुतला जलाएंगे। तभी मंत्री इरफान अंसारी कुर्सी से उठकर कहते है कि ये प्रॉब्लम यहां बोलियेगा या वहां बोलियेगा, यहां कहां बोलते है, वहां बोलिये जहां बोलना है। तभी एक कार्यकर्ता कहता है कि देखियेगा हम लोग 28 को बोलेंगे। इसके बाद लाइव चलने की बात कहकर वीडियो बंद कर दिया जाता है। बाद में विवाद बढ़ने पर वीडियो को डिलीट कर दिया जाता है।