logo

टक्कर के बाद ट्रक के नीचे जा घुसी कार, गैस कटर से काटकर निकाला शव; मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की मौत

टक्कर के बाद ट्रक के नीचे जा घुसी कार, गैस कटर से काटकर निकाला शव; मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की मौत

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

जमशेदपुर में एक भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का निधन हो गया। घटना गुरुवार तड़के करीब 3 बजे की है। बताया जाता है कि सोनारी थानाक्षेत्र अंतर्गत दोमुहानी मरीन ड्राइव पर कार और ट्रक की टक्कर में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 युवक और 2 युवतियां हैं। घटना के संबंध में मिली आरंभिक जानकारी के मुताबिक सफेद रंग की स्विफ्ट कार, दोमुहानी मरीन ड्राइव सड़क पर पहले से खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार इतनी बुरी हालत में थी कि इसको गैस कटर से काटकर मृतकों का शव निकालना पड़ा। शवों को MGM अस्पताल भेज दिया गया है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के निधन पर मुख्यमंत्री ने दुख जताया है।  

टक्कर की जोरदार आवाज से खुली लोगों की नींद
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तड़के उन्हें जोरदार आवाज सुनाई दी। वे लोग आवाज की दिशा में गए तो एक सफेद रंग की कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पाया। कार का ऊपर वाला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका था। कार, सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी थी। मृतकों का शव कार के भीतर बुरी तरह फंसा था। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस पहुंची और तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त कार से मृतकों का शव निकालने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार गैस कटर की सहायता से क्षतिग्रस्त कार की बॉडी का काटा गया और फिर मृतकों का शव निकालकर उन्हें MGM अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। कार में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत कुल 4 लोग सवार थे। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अपने ऑफिशियल X पर लिखा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

Tags - JharkhandTrisha Singh DeathDipika Pandey Singh Daughter DiesJamshedpur Road Accident