logo

डुमरी के प्रवासी मजदूर की दुबई में बिल्डिंग से गिरने से मौत, परिवार में शोक

dumri2.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के चैनपुर पंचायत अंतर्गत तूईओ गांव निवासी 28 वर्षीय लालचंद महतो की दुबई में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम काम करने के दौरान वे एक बिल्डिंग से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक लालचंद महतो, पिता केशव महतो के पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी जयंती देवी, माता कौशल्या देवी और पिता केशव महतो हैं। इस घटना के बाद प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
प्रवासी मजदूरों की मौत बनी आम घटना
समाजसेवी सिकंदर अली ने कहा कि प्रवासी मजदूरों की मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। आए दिन बगोदर प्रखंड समेत गिरिडीह, बोकारो और हजारीबाग जिले के कई मजदूर देश-विदेश में रोजी-रोटी की तलाश में जाते हैं और काम के दौरान हादसे का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीर पहल करनी चाहिए ताकि पलायन पर रोक लग सके।

Tags - jharkhand khabar jharkhand news jharkhand latest news dumri news dumri latest news dumri khabar dumri update giridih news