logo

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, मित्र के बीमार बेटे से मिलकर आ रहा था शख्स

road_ACC_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बराकर जैन मंदिर के समीप मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 51 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कुम्हारलालो निवासी सुरेश प्रसाद वर्मा के रूप में की गई है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के पुत्र सोनू कुमार ने बताया कि उनके पिता गिरिडीह स्थित नवजीवन अस्पताल में अपने एक मित्र के बेटे बीमार थे उन्ही से अस्पताल गये थे और मुलाकात कर बाइक से अपने घर कुम्हारलालो लौट रहे थे। इसी दौरान बराकर जैन मंदिर के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश प्रसाद वर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। 

इधर, मृतक के परिजनों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। लोगों का कहना है कि बराकर जैन मंदिर के पास सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद अब तक ठोस सड़क सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में गति सीमा लागू करने, स्पीड ब्रेकर लगाने, चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित करने और रात के समय नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news giridih news giridih khabar giririh update road accident news