logo

MGM के होमगार्ड जवानों को मिलेगा 4 माह का बकाया वेतन, सरकार ने जारी किए 3.61 करोड़ रूपये

Screenshot_2026-07-20_125553.jpg

जमशेदपुर 
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। चार महीने से लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। राज्य सरकार ने वेतन मद में 3 करोड़ 61 लाख रुपये जारी कर दिये हैं। अधिकारियों के अनुसार एक-दो दिनों में राशि कर्मचारियों के बैंक खातों में पहुंच जायेगी।
महिला होमगार्ड के वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन
वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट से जूझ रहे होमगार्ड जवानों ने कई बार अपनी परेशानी सामने रखी थी। शनिवार को एक महिला होमगार्ड जवान का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने चार महीने से वेतन नहीं मिलने की वजह से परिवार चलाने में हो रही परेशानी को बताया था। मामले को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से बातचीत कर एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मियों के लंबित वेतन भुगतान की मांग की थी। विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने मामले में जल्द भुगतान का आश्वासन दिया था। इसके बाद सरकार की ओर से राशि जारी कर दी गयी है। विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मांग पूरी हुई है और अब कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेजों के लिए 65 करोड़ रुपये जारी
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों के लिए भी 65 करोड़ रुपये जारी किये हैं। इसमें एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल समेत अन्य संस्थानों के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बकाया भुगतान को प्राथमिकता दी जायेगी।

Tags - Jamshedpur MGM Hospital Home Guard Salary Jharkhand News